ब्रज में होली पर देखने को मिलेगी लोक संस्कृति

ब्रज में इस बार होली पर देश की लोक कला देखने को मिलेगी। बरसाना की लठामार होली हो या फिर मुखराई का चरकुला नृत्य महोत्सव, बुंदेलखंड का राई नृत्य, हरियाणा का बीन और बांदा का पाई डंडा देखने को मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगीनाथ एक बार फिर ब्रज की होली का हिस्सा बनेंगे।


ब्रज की होली की धूम दुनिया भर में देखने को मिलती है। आयोजन को और खास बनाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसके लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने योजना बना ली है। इसके तहत इस बार ब्रज में होली के दौरान देश की लोककला यहां लोगों को देखने को मिले। हरियाणा से बीन और नगाड़े की गूंज होली पर सुनाई देगी। इसके अलावा बांदा का पाई डंडा, बुंदेलखंड का राई नृत्य और स्थानीय लोक कलाकार लावनी गाते हुए नजर आएंगे। विभिन्न राज्य और क्षेत्रों की लोक कला का प्रदर्शन सिर्फ बरसाना में नहीं होगा, बल्कि होली के ब्रज में होने वाले सभी आयोजनों में इनकी मौजूदगी मिलेगी।